प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज प्रेमिका टावर पर चढ़ गई और हाई वोल्टेज ड्रामा करने लगी. प्रेमी की रिहाई और शादी की जिद पर अड़ी.
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज होकर करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा मचा दिया. युवती ने प्रेमी की तत्काल रिहाई और दोनों की शादी कराने की मांग की. युवती अपने साथ मोबाइल फोन लेकर टावर पर चढ़ी थी, जहां बैठकर उसने पुलिस और परिजनों से बात की.
लापता होने के बाद अपहरण की शिकायत: दरअसल, युवती पिछले काफी समय से अपने ही गांव के एक युवक से प्रेम संबंध में थी. गुरुवार रात युवती अचानक घर से गायब हो गई. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब वह नहीं मिली तो उन्होंने प्रेमी पर अपहरण का शक जताते हुए भोरे थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया और थाने पर पूछताछ शुरू की.

प्रेमिका ने टावर पर चढ़कर किया विरोध: प्रेमी की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही युवती ने विरोध जताया और गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई. वह टावर की ऊंचाई पर बैठकर लगातार प्रेमी की रिहाई की मांग करती रही. ग्रामीणों की नजर पड़ने पर मौके पर भारी भीड़ इकट्ठी हो गई. युवती ने साफ कहा कि जब तक प्रेमी को रिहा नहीं किया जाएगा और उनकी शादी नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगी.
हथकड़ी में प्रेमी को लेकर आई पुलिस: घटना की सूचना मिलते ही भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची. काफी समझाने-बुझाने के बावजूद युवती नहीं मानी तो पुलिस ने अनोखा कदम उठाया. हिरासत में बंद प्रेमी को हथकड़ी लगाए हालत में जीप में बिठाकर टावर के पास लाया गया. इसके बाद युवती से बातचीत की गई. पुलिस और ग्रामीणों की मदद से प्रयास जारी रहा.

मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारी गई युवती: घंटों चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की संयुक्त कोशिश से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. पुलिस ने उसे थाने ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू की. थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारा जा चुका है. दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
“युवती को नीचे उतारा गया है. दोनों पक्षों को समझाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच चल रही है.”-रोहिणी उपाध्याय, भोरे थानाध्यक्ष

प्रेम कहानी इलाके में बनी चर्चा का विषय: यह घटना पूरे गोपालगंज जिले में तेजी से चर्चा का विषय बन गई है. पुलिस का यह अनोखा तरीका भी चर्चा में रहा, जिससे स्थिति को संभाला गया. पुलिस ने संवेदनशीलता से स्थिति संभाली.






