आखिर क्यों रद्द हुआ वीणा मानवी का नामांकन? हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद चुनाव आयोग के फैसले ने बदल दिया पूरा समीकरण

Veena Manavi nomination rejected: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव का माहौल पूरी तरह गरमा गया है. चुनाव आयोग ने तेज प्रताप यादव की पार्टी जनतांत्रिक जनता दल (JJD) की प्रत्याशी वीणा मानवी का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है. बता दें कि सोमवार को उनके नामांकन के बाद हाई वोलटेज ड्रामा हुआ था. इसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया था, हांलाकि, शाम के समय उन्हें छोड़ दिया था. इस बीच अब मंगलवार को उनका नामांकन रद्द कर दिया है.
इस बड़ी तकनीकी चूक के कारण खारिज हुआ पर्चा
दरअसल, चुनाव नियमों के मुताबिक किसी भी गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल या निर्दलीय प्रत्याशी के नामांकन पत्र पर कम से कम 10 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर होने जरूरी हैं. जांच के दौरान पाया गया कि वीणा मानवी के पर्चे पर केवल 9 प्रस्तावकों के ही साइन थे. इसी एक प्रस्तावक की कमी के चलते चुनाव आयोग ने उनके पर्चे को खारिज कर दिया.
नामांकन स्थल पर मचा भारी बवाल और हुई गिरफ्तारी
इस चुनावी प्रक्रिया के दौरान बांकीपुर में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला था. सोमवार को जब वीणा मानवी अपना पर्चा दाखिल करने पहुंची थीं, तब वहां जमकर नारेबाजी और बवाल हुआ. ड्रामा यहीं खत्म नहीं हुआ, जैसे ही उन्होंने अपनी नामांकन प्रक्रिया पूरी की, पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया. इस झटके से तेज प्रताप यादव की पार्टी जेजेडी को चुनावी मैदान में बहुत बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है.
बांकीपुर में कब डाले जाएंगे वोट और कब आएंगे नतीजे
पटना की वीआईपी मानी जाने वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखें पहले ही घोषित की जा चुकी हैं. चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, इस सीट पर आगामी 30 जुलाई 2026 को मतदान कराया जाएगा. इसके बाद 3 अगस्त 2026 को वोटों की गिनती होगी और उसी दिन परिणाम भी जारी कर दिए जाएंगे. बता दें कि भाजपा के कद्दावर नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद से यह सीट खाली पड़ी है, जिस वजह से यहां वोट डाले जा रहे हैं.





